Akhilesh Yadav ने Shamli में Ankit Baliyan हत्याकांड पर BJP को घेरा

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शामली में हरियाणवी गायक अंकित बालियान की गोली मारकर की गई हत्या के मामले में उत्तर प्रदेश सरकार और भाजपा के सहयोगी जाट नेताओं पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा करते हुए आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ दल सिर्फ वोटों की राजनीति करता है और पीड़ित परिवार के दर्द से उसका कोई सरोकार नहीं है। उधर पुलिस ने चार अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर हरियाणा के गोगी गैंग द्वारा हत्या की जिम्मेदारी लेने के दावे की पड़ताल शुरू कर दी है।

समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शामली में हरियाणवी गायक और यूट्यूबर अंकित बालियान की हत्या को लेकर बृहस्पतिवार को भाजपा नीत उत्तर प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि ‘‘पूरा जाट समुदाय’’ सत्तारूढ़ भाजपा से जुड़े जाट नेताओं से जवाब मांग रहा है। पुलिस के अनुसार, शामली के बंटी खेड़ा गांव निवासी बालियान की बुधवार शाम करीब 6.45 बजे कोतवाली क्षेत्र में एक जिम से निकलते समय चार अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। दो मोटरसाइकिलों पर सवार हमलावरों ने उन पर गोलियां चलाईं और फरार हो गए।

बालियान के पिता सतवीर सिंह की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज किया गया है। अखिलेश ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से बालियान की हत्या को लेकर ‘‘जाट समुदाय में व्याप्त आक्रोश’’ और ‘‘शोकाकुल पिता’’ की बात सुनने का आग्रह किया। सपा प्रमुख ने हाल में लखनऊ में हुई आग की एक घटना का भी जिक्र किया और आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ने वहां मारे गए एक बच्चे की शोकाकुल मां से कहा था कि वह ‘‘भाषण सुनने के मूड में नहीं हैं।’’ उन्होंने अपने पोस्ट में कहा, ‘‘उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री जी जाट समाज में व्याप्त आक्रोश और मारे गये लोकप्रिय युवा गायक अंकित बालियान के ‘दुखी पिता’ की सुनेंगे या उनसे भी लखनऊ के अग्निकांड में मारे गये बच्चे की ‘दुखी मां’ की तरह धमकी भरे अंदाज में ये कहकर निकल जाएंगे कि ‘भाषण सुनने के मूड में नहीं हैं।’’’ सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि भाजपा का संबंध ‘‘केवल वोटों से’’ है और ‘‘जाट समुदाय या किसी अन्य सामाजिक समूह से नहीं।’’ पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि आज पूरा जाट समुदाय उन जाट नेताओं से जवाब मांग रहा है, जो अपने स्वार्थ के लिए भाजपा के साथ खड़े हैं।

उन्होंने सवाल किया कि ‘‘भाजपा के जाट सहयोगी कहां चले गए हैं?आज युवा जाट उन्हें तलाश रहे हैं।’’ अखिलेश ने कहा, ‘‘भाजपा सिर्फ वोटों की सगी है, जाट या किसी अन्य समाज की नहीं। आज जो जाट नेता भाजपा के साथ अपने स्वार्थवश खड़े हैं, संपूर्ण जाट समाज उनसे जवाब मांग रहा है। भाजपा के सहयोगी जाट नेता कहां भूमिगत हो गये हैं।

युवा जाट आज उन्हें तलाशते फिर रहे हैं।’’ सपा प्रमुख का यह बयान राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के सहयोगी राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) के प्रमुख और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के प्रभावशाली जाट नेता एवं केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी के परोक्ष संदर्भ के तौर पर देखा जा रहा है। हरियाणवी गायक एवं यूट्यूबर बालियान बुधवार शाम करीब छह बजकर 45 मिनट पर शामली के शहर कोतवाली इलाके में एक जिम से बाहर निकल रहे थे तभी दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार हमलावरों ने उन पर अंधाधुंध गोलियां चलाईं जिससे उनकी मौत हो गयी। पुलिस सूत्रों के मुताबिक सीसीटीवी फुटेज में चार लोग दो मोटरसाइकिलों पर आते और गोली चलाने के बाद भागते हुए दिख रहे हैं।

इस सनसनीखेज हत्या के बाद विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए और बालियान के परिजन तथा अन्य लोगों ने शामली में एक सड़क पर रास्ता जाम कर दिया और अधिकारियों के समझाने-बुझाने और कड़ी कार्रवाई का आश्वासन देने के बाद जाम खुल सका। पुलिस ने सोनीपत के एक व्यक्ति द्वारा सोशल मीडिया पर की गयी पोस्ट में हरियाणा के गोगी गैंग द्वारा वारदात की जिम्मेदारी लिये जाने के दावे की जांच शुरू कर दी है। इस बीच, बालियान के शव का बृहस्पतिवार को उसके पैतृक गांव में अंतिम संस्कार कर दिया गया।

हरियाणा के सोनीपत स्थित भोलू शाहपुरी नाम के व्यक्ति ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में दावा किया है कि बालियान की हत्या के लिए गोगी गैंग जिम्मेदार है। अधिकारियों ने बताया कि इस पोस्ट के बाद पुलिस हत्या से इसके संभावित जुड़ाव की जांच कर रही है और यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह दावा सही है या नहीं। उन्होंने बताया कि पुलिस ने बालियान के पिता सतवीर की शिकायत पर चार अज्ञात हमलावरों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है और आरोपियों की पहचान करने और उन्हें गिरफ़्तार करने के लिए कई टीम बनाई गई हैं, जिनमें से चार टीम को हरियाणा भेजा गया है।

All the updates here:

अन्य न्यूज़