Kochi में तेज रफ्तार Truck की टक्कर से सात साल के बच्चे की मौत, मामला दर्ज

केरल के कोच्चि स्थित नदुंगापारा में सोमवार सुबह पिता के साथ जा रहे सात वर्षीय जोशुआ बेसिल को एक तेज गति ट्रक ने कुचल दिया। मोड़ के पास हुए इस दर्दनाक हादसे में मासूम की मौके पर ही जान चली गई, जबकि पिता बाल-बाल बच गए। पुलिस ने शव को अस्पताल भेजकर दुर्घटना की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
यहां के निकट नदुंगापारा में सोमवार को तेज गति से जा रहे एक ट्रक की चपेट में आ जाने से सात वर्षीय एक बच्चे की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। मृतक की पहचान नदुंगापारा निवासी जोशुआ बेसिल के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, बच्चा सुबह करीब साढ़े नौ बजे अपने पिता के साथ किराने का सामान खरीदने गया था। घर लौटते समय दोनों सड़क किनारे एक मोड़ के पास रुक गए। यह स्थान उनके घर से कुछ ही दूरी पर था।
पुलिस ने बताया कि बच्चा अपने पिता के पास खड़ा था, तभी कथित तौर पर तेज गति से जा रहे ट्रक ने उसे टक्कर मार दी। पुलिस के मुताबिक, बच्चे ने तेज रफ्तार वाहन को देखकर उससे बचने की कोशिश की, लेकिन वह ट्रक की चपेट में आने से खुद को बचा नहीं सका। बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके पिता को कोई चोट नहीं आई।
स्थानीय निवासियों ने आरोप लगाया कि हादसा कोट्टाप्पडी-कुरुप्पमपाडी मार्ग पर हुआ, जहां अक्सर तेज गति से वाहन चलते हैं। पुलिस ने बताया कि बच्चे के शव को अस्पताल भेज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अन्य न्यूज़













