New Zealand के PM Christopher Luxon का बड़ा ऐलान, पहली बार देश आएंगे PM Modi, व्यपार और कूटनीति पर फोकस

PM Christopher Luxon
ANI

न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अगले सप्ताह होने वाले पहले आधिकारिक दौरे की घोषणा की है, जिसका उद्देश्य भारत-न्यूजीलैंड मुक्त व्यापार समझौते के माध्यम से द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करना है। यह यात्रा दोनों देशों के लिए हिंद-प्रशांत क्षेत्र में आर्थिक अवसरों और रणनीतिक साझेदारी को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने शुक्रवार को भारत के अपने समकक्ष नरेन्द्र मोदी के अगले सप्ताह देश की अपनी पहली आधिकारिक यात्रा पर आने की घोषणा की। प्रधानमंत्री लक्सन ने यात्रा की तिथि का खुलासा किए बिना सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘ मुझे यह घोषणा करते हुए खुशी हो रही है कि भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अगले सप्ताह न्यूजीलैंड की अपनी पहली आधिकारिक यात्रा पर आएंगे।’’ लक्सन ने भारत को दुनिया की सबसे बड़ी और सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में से एक बताते हुए कहा कि न्यूजीलैंड की आर्थिक समृद्धि के लिए भारत का अत्यंत महत्व है।

उन्होंने कहा, ‘‘ हम अप्रैल में हस्ताक्षरित न्यूजीलैंड-भारत मुक्त व्यापार समझौते के माध्यम से दोनों देशों के संबंधों को अगले स्तर पर ले जा रहे हैं, जिससे न्यूजीलैंड में अधिक रोजगार, निर्यात में वृद्धि और मजबूत आर्थिक विकास को बढ़ावा मिलेगा।’’ लक्सन ने कहा कि यह समझौता नए अवसरों के द्वार खोलेगा और न्यूजीलैंड के सामान व सेवाओं के लिए 1.4 अरब लोगों का बाजार खोलेगा जिससे ‘कीवी समुदायों में अधिक धन आएगा, रोजगार के अवसर सृजित होंगे और वेतन में वृद्धि होगी।

भारत और न्यूजीलैंड ने इस वर्ष की शुरुआत में वस्तुओं व सेवाओं के द्विपक्षीय व्यापार को बढ़ावा देने तथा निवेश को प्रोत्साहित करने के लिए मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) पर हस्ताक्षर किए थे। एफटीए के तहत भारत के 100 प्रतिशत निर्यात को न्यूजीलैंड में शुल्क-मुक्त पहुंच प्रदान की गई है। भारत के लिए यह समझौता उच्च आय वाले, नियम-आधारित प्रशांत बाजार तक पहुंच को मजबूत करता है और उसकी व्यापक हिंद-प्रशांत आर्थिक रणनीति को भी समर्थन देता है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़