New Zealand A के खिलाफ पहले Test में 113 रन पर सिमटी India A की पहली पारी

IND VS NEZ
ANI

न्यूजीलैंड ए के खिलाफ पहले अनौपचारिक टेस्ट के पहले दिन भारतीय टीम 113 रनों पर सिमट गई। भारत के लिए यश राठौड़ ने सर्वाधिक नाबाद 44 रन बनाए, जबकि साइमन कीनी ने पांच विकेट झटके। जवाब में न्यूजीलैंड ए ने 3 विकेट पर 135 रन बनाकर 22 रनों की बढ़त हासिल कर ली।

 हरी भरी विकेट पर भारतीय बल्लेबाज अपेक्षा के अनुरूप प्रदर्शन नहीं कर सके और सितारों से भरी टीम न्यूजीलैंड ए के खिलाफ पहले अनौपचारिक टेस्ट के पहले दिन शनिवार को 113 रन पर आउट हो गई। जवाब में न्यूजीलैंड ने तीन विकेट 135 रन पर गंवा दिये थे और उसके पास 22 रन की बढत है। आकिब नबी ने कीवी बल्लेबाज जेडन लेनोक्स और टिम रॉबिनसन को खाता खोले बिना आउट किया। न्यूजीलैंड ए के लिये दाहिने हाथ के तेज गेंदबाज साइमन कीनी ने 24 रन देकर पांच विकेट चटकाये।

 भारत के सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल (45 गेंद में 17 रन) एक बार फिर अच्छी शुरूआत को बड़ी पारी में नहीं बदल सके और जाक गिब्सन की गेंद पर स्लिप में कैच देकर लौटे। वहीं केएल राहुल खाता भी नहीं खोल पाये और फ्रेसर शीट की गेंद पर विकेट के पीछे कैच थमा दिया। तीसरे नंबर पर उतरे देवदत्त पडिक्कल ने 77 गेंद में 32 रन बनाये। 

दो घंटे क्रीज पर डटकर उन्होंने अपनी पारी में पांच चौके जड़े। भारत के पांच बल्लेबाज खाता खोलने में नाकाम रहे। छठे नंबर पर उतरे विदर्भ के बल्लेबाज यश राठौड़ ने अगर नाबाद 44 रन नहीं बनाये होते तो भारत ए का स्कोर 100 रन से भी कम होता।

 राठौड़ ने 49 गेंद की पारी में तीन चौके और तीन छक्के लगाये। अंशुल कम्बोज ने आखिर में दस रन बनाये। पहले दिन का खेल समाप्त होने पर कुर्टिस हीफी 37 रन बनाकर खेल रहे थे।न्यूजीलैंड ए के कप्तान रीस मारियू ने 76 रन बनाये और वह मुकेश चौधरी की गेंद पर आउट हुए। नबी ने लेनोक्स और रॉबिनसन को आखिरी दो गेंदों पर आउट किया।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़