Mumbai से Riyadh का सफर अब और आसान, Saudi की नई एयरलाइन 'Riyadh Air' की सर्विस शुरू

Riyadh Air
AI Generated

सऊदी अरब की नई विमानन कंपनी रियाद एयर 4 अगस्त से मुंबई-रियाद के बीच दैनिक सीधी उड़ान के साथ भारतीय बाजार में प्रवेश कर रही है। पीपीएफ समर्थित इस एयरलाइन का लक्ष्य भारत के तेजी से बढ़ते विमानन क्षेत्र में अपनी उपस्थिति दर्ज कराना और 2030 तक 100 से अधिक वैश्विक गंतव्यों को जोड़ना है।

सऊदी अरब की विमानन कंपनी रियाद एयर ने भारत में अपने परिचालन शुरू करने की सोमवार को घोषणा की। मुंबई और रियाद के बीच चार अगस्त से सीधी दैनिक उड़ान शुरू की जाएगी। सऊदी अरब के संप्रभु धन कोष, पब्लिक इन्वेस्टमेंट फंड (पीपीएफ) समर्थित विमानन कंपनी ने बताया कि इस दैनिक उड़ान की बुकिंग छह जुलाई से शुरू होगी।

मुंबई और रियाद के बीच यह दैनिक सेवा बोइंग बी787-9 विमान से संचालित की जाएगी जिसमें बिजनेस एलीट, बिजनेस, प्रीमियम इकोनॉमी और इकोनॉमी की चार श्रेणियां होंगी। रियाद एयर के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) टोनी डगलस ने कहा, ‘‘ भारत वैश्विक स्तर पर सबसे तेजी से बढ़ते विमानन बाजारों में से एक बनकर उभरा है। ऐसे में हमें यात्रियों को मुंबई से रियाद और वहां से यूरोप तक बेहतर वैश्विक संपर्क के साथ एक नया प्रीमियम विकल्प उपलब्ध कराते हुए खुशी हो रही है।’’

बयान के अनुसार, मार्च 2023 में शुरू की गई रियाद एयर का लक्ष्य 2030 तक अपने उड़ान नेटवर्क को दुनिया भर के 100 से अधिक गंतव्यों तक पहुंचाना है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़