Kenya Tata Chemicals Dispute: केन्या में ऑपरेशन बंद करने के आदेश के बाद वार्ता के लिए तैयार Tata Group

केन्या सरकार द्वारा परिचालन बंद करने के आदेश के बाद टाटा केमिकल्स ने कहा कि वह रचनात्मक बातचीत के जरिए लंबित मुद्दों को सुलझाने के लिए प्रतिबद्ध है। अफ्रीका की सबसे बड़ी सोडा ऐश उत्पादक कंपनी टाटा केमिकल्स मगाडी लिमिटेड ने केन्याई अर्थव्यवस्था में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करते हुए नियामक निर्देशों का अनुपालन करने की बात कही है।
टाटा केमिकल्स ने केन्या में अपना परिचालन बंद करने का आदेश दिए जाने की खबर के बीच शुक्रवार को कहा कि उसने पूर्वी अफ्रीकी देश की अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है और वह लंबित मुद्दों को सुलझाने के लिए प्रतिबद्ध है। केन्या में कंपनी की मौजूदगी उसकी अनुषंगी टाटा केमिकल्स मगाडी लिमिटेड के जरिये है, जो अफ्रीका की सबसे बड़ी सोडा ऐश विनिर्माता कंपनी है।
केन्या के राष्ट्रपति विलियम रूटो ने बृहस्पतिवार को कथित तौर पर टाटा समूह की कंपनी टाटा केमिकल्स को देश में अपना परिचालन बंद करने का आदेश दिया। उन्होंने कहा कि इससे केन्या के नागरिकों को कोई लाभ नहीं हुआ है। टाटा केमिकल्स ने कहा, ‘‘2005 में जब टाटा केमिकल्स ने मगाडी संयंत्र का अधिग्रहण किया था, तब से उसने केन्या की अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है और यह अब भी हमारे कारोबार का अभिन्न हिस्सा है।’’
कंपनी ने बताया कि उसकी अनुषंगी टाटा केमिकल्स मगाडी लिमिटेड (टीसीएमएल) का खनन परिचालन 28 जुलाई, 2026 को निलंबित कर दिया गया था। निलंबन के बाद सभी सूचनाएं, रिपोर्ट और दस्तावेज जमा कर दिए।
टाटा केमिकल्स ने कहा कि टीसीएमएल ने मंत्रालय की ओर से उठाए गए मुद्दों पर विस्तृत जवाब दे दिया है और अब आगे के निर्देशों का इंतजार कर रही है। कंपनी ने कहा, ‘‘हम केन्या सरकार के अधिकार का सम्मान करते हैं और लंबित मुद्दों को उचित कानूनी एवं नियामकीय माध्यमों से सुलझाने के लिए रचनात्मक बातचीत जारी रखने को प्रतिबद्ध हैं।’’
टाटा केमिकल्स ने कहा कि टाटा केमिकल्स मगाडी लिमिटेड के कर्मचारियों, मगाडी समुदाय और केन्या में अन्य हितधारकों का कल्याण उसकी प्राथमिकता है।
अन्य न्यूज़















