Silver Price Crash: वायदा बाजार में चांदी ने मचाया कोहराम, 10 दिन में ₹62,000 से ज्यादा टूटी

वायदा बाजार में चांदी की कीमतों में लगातार 10वें सत्र में भारी गिरावट आई, जहाँ मई डिलीवरी अनुबंध 9,467 रुपये टूटकर 2.15 लाख रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गया। विश्लेषकों के अनुसार, कमजोर वैश्विक संकेतों और व्यापक आर्थिक दबाव के कारण एमसीएक्स पर चांदी के भाव में यह बड़ी बिकवाली देखी गई है।
वायदा कारोबार में चांदी की कीमत पर मंगलवार को लगातार 10वें सत्र में भारी बिकवाली का दबाव बना रहा और अस्थिरता एवं कमजोर वैश्विक संकेतों के बीच यह 9,467 रुपये टूटकर 2.15 लाख रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। मल्टी कमोडिटी एक्स्चेंज (एमसीएक्स) में चांदी के मई महीने में आपूर्ति वाले अनुबंध की कीमत 9,467 रुपये यानी 4.2 प्रतिशत की गिरावट के साथ 2,15,700 रुपये प्रति किलोग्राम रह गई। विश्लेषकों का कहना है कि व्यापक आर्थिक कारकों के भारी दबाव से चांदी की कीमतों में भारी गिरावट आई है।
चांदी की कीमत पिछले 10 सत्रों में 62,150 रुपये या 22.36 प्रतिशत टूटी है। 10 मार्च2026 को यह 2,77,850 रुपये प्रति किलोग्राम थी। ऑगमोंट की शोध प्रमुख रेनिशा चैनानी ने कहा, ‘‘ चांदी ने दो लाख रुपये प्रति किलोग्राम के आसपास के प्रमुख मनोवैज्ञानिक समर्थन स्तरों से वापसी की है..’’ इस बीच, वैश्विक बाजारों में कॉमेक्स पर चांदी के वायदा भाव में भी लगातार 10वें सत्र में गिरावट दर्ज की गई। मई में आपूर्ति वाले चांदी के अनुबंधों का भाव 1.71 अमेरिकी डॉलर या 2.47 प्रतिशत की गिरावट के साथ 67.64 अमेरिकी डॉलर प्रति औंस पर आ गया।
अन्य न्यूज़














