Real Estate Market | भारतीय रियल एस्टेट में उछाल: अप्रैल-जून तिमाही में देश के 9 प्रमुख शहरों में घरों की बिक्री 19% बढ़ी

देश के नौ प्रमुख शहरों में अप्रैल-जून तिमाही के दौरान आवासीय संपत्तियों की बिक्री 19 प्रतिशत बढ़कर 1,12,458 इकाई पर पहुंच गई। रियल एस्टेट डेटा विश्लेषण कंपनी प्रॉपइक्विटी ने यह जानकारी दी।
वैश्विक अनिश्चितताओं और आर्थिक उतार-चढ़ाव के बावजूद भारतीय आवासीय बाजार (Housing Market) में मजबूती का रुख लगातार जारी है। रियल एस्टेट डेटा विश्लेषण कंपनी प्रॉपइक्विटी (PropEquity) की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, देश के नौ प्रमुख शहरों में चालू वित्त वर्ष (2025-26) की अप्रैल-जून तिमाही के दौरान आवासीय संपत्तियों की बिक्री में सालाना आधार पर 19 प्रतिशत का शानदार उछाल दर्ज किया गया है। इस अवधि में कुल 1,12,458 घरों की बिक्री हुई है। एक साल पहले की समान अवधि में मुंबई, नवी मुंबई, ठाणे, दिल्ली-एनसीआर, बेंगलुरु, हैदराबाद, चेन्नई, पुणे और कोलकाता में कुल 94,864 घरों की बिक्री हुई थी।
रिपोर्ट के अनुसार, अप्रैल-जून 2025-26 के दौरान नई आवासीय परियोजनाओं की आपूर्ति भी सालाना आधार पर 43 प्रतिशत बढ़कर 1,17,609 इकाई हो गई। प्रॉपइक्विटी के संस्थापक और मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) समीर जसूजा ने कहा कि वैश्विक अनिश्चितताओं के बावजूद भारतीय आवास बाजार मजबूत बना हुआ है। दक्षिण भारत के बाजार वृद्धि में अग्रणी रहे हैं, जबकि मुंबई और नवी मुंबई में भी मांग मजबूत रही है। हालांकि, ठाणे और दिल्ली-एनसीआर जैसे कुछ क्षेत्रों में गतिविधियां अपेक्षाकृत नरम रही हैं, लेकिन कुल मिलाकर बाजार धारणा सकारात्मक बनी हुई है।
आंकड़ों के अनुसार, बेंगलुरु में आवास बिक्री बढ़कर 21,516 इकाई हो गई, जो एक साल पहले की समान अवधि में 14,676 इकाई थी। चेन्नई में बिक्री 5,354 इकाई से बढ़कर 6,323 इकाई और हैदराबाद में 11,815 इकाई से बढ़कर 14,410 इकाई हो गई। मुंबई में आवास बिक्री 8,006 इकाई से बढ़कर 10,561 इकाई तथा नवी मुंबई में 6,833 इकाई से बढ़कर 11,029 इकाई रही।
ठाणे में बिक्री 14,832 इकाई से बढ़कर 16,386 इकाई और पुणे में 17,196 इकाई से बढ़कर 18,737 इकाई हो गई। हालांकि, दिल्ली-एनसीआर में आवास बिक्री घटकर 10,082 इकाई रह गई, जो एक साल पहले 11,703 इकाई थी। कोलकाता में भी बिक्री 4,449 इकाई से घटकर 3,414 इकाई रह गई। प्रॉपर्टी फर्स्ट रियल्टी के संस्थापक और सीईओ भावेश कोठारी ने कहा कि बेंगलुरु में बुनियादी ढांचे के विस्तार और रोजगार सृजन के कारण आवास बिक्री में वृद्धि हुई है। सभी मूल्य वर्गों में अंतिम उपयोगकर्ताओं और निवेशकों की मांग मजबूत बनी हुई है।
अन्य न्यूज़















