Asian Para Games के समापन समारोह में Mona Agarwal और Nishad Kumar संभालेंगे तिरंगा

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

नागोया में चल रहे एशियाई पैरा खेलों के समापन पर दोहरे स्वर्ण पदक विजेता पैरा निशानेबाज मोना अग्रवाल और पैरा एथलीट निषाद कुमार देश का प्रतिनिधित्व करेंगे। शनिवार को आयोजित होने वाले समारोह में दोनों भारतीय दल के ध्वजवाहक बनाए गए हैं। मोना ने 10 मीटर और 50 मीटर स्पर्धाओं में नए रिकॉर्ड कायम किए, जबकि निषाद ने ऊंची कूद और लंबी कूद में जीत दर्ज की।

पैरा निशानेबाज मोना अग्रवाल और पैरा एथलीट निषाद कुमार शनिवार को होने वाले एशियाई पैरा खेलों के समापन समारोह में भारत के ध्वजवाहक होंगे। दोनों ने इन खेलों में दो-दो स्वर्ण पदक जीते हैं। अड़तीस वर्षीय मोना ने इन खेलों में रिकॉर्ड बनाया है।

नौ महीने की उम्र में पोलियो के कारण उनके दोनों पैर प्रभावित हुए और उन्हें व्हीलचेयर का सहारा लेना पड़ा। उन्होंने सबसे पहले महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल स्टैंडिंग एसएच1 स्पर्धा में खेलों का रिकॉर्ड बनाते हुए स्वर्ण पदक जीता। इसके बाद महिलाओं की 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशन एसएच1 स्पर्धा में विश्व रिकॉर्ड तोड़कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

सत्ताईस वर्षीय निषाद कुमार जब छह साल के थे, तब हिमाचल प्रदेश में अपने खेत पर घास काटने वाली मशीन की चपेट में आने से उनका दायां हाथ कट गया था। उन्होंने इन खेलों में पुरुषों की ऊंची कूद और लंबी कूद की टी47 स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक जीते।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़