Christchurch T20I में India ने New Zealand को चार विकेट से हराया, 230 रन चेज कर रचा इतिहास

Christchurch T20I में India ने New Zealand को चार विकेट से हराया, 230 रन चेज कर रचा इतिहास
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

भारतीय क्रिकेट टीम ने क्राइस्टचर्च में पहले टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में न्यूजीलैंड के 225 रनों के विशाल स्कोर को 19.4 ओवरों में छह विकेट खोकर हासिल कर लिया। संजू सैमसन ने 67 रनों की तेजतर्रार पारी खेली और नमन धीर ने अंत में 15 गेंदों पर नाबाद 42 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई। न्यूजीलैंड के लिए ग्लेन फिलिप्स की 82 रनों की नाबाद पारी बेकार साबित हुई।

(तीसरे पैरा में सुधार के साथ) क्राइस्टचर्च, 22 अक्टूबर संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा की शुरुआती ओवरों में तूफानी बल्लेबाजी के बाद आखिरी ओवरों में नमन धीर की आक्रामक बल्लेबाजी के दम पर भारत ने पांच मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय शृंखला के पहले मुकाबले में बृहस्पतिवार को यहां न्यूजीलैंड को चार विकेट से शिकस्त दी। पहले फिन एलेन और ग्लेन फिलिप्स की विस्फोटक बल्लेबाजी के दम पर न्यूजीलैंड ने चार विकेट पर 225 रन बनाए। इसके साथ ही उसने भारत के खिलाफ अपने सर्वोच्च स्कोर की बराबरी की।

यह घरेलू मैदान पर न्यूजीलैंड का अब तक का सर्वोच्च स्कोर भी रहा। भारत ने 19.4 ओवर में छह विकेट पर 230 रन बनाकर इस प्रारूप में लक्ष्य का पीछा करते हुए अपनी सबसे बड़ी जीत हासिल की। सैमसन ने 33 गेंदों में आठ चौकों और चार छक्कों की मदद से 67 रन बनाने के अलावा अभिषेक के साथ पहले विकेट के लिए 35 गेंदों में 93 रन की साझेदारी की।

अभिषेक ने 12 गेंदों में दो चौकों और तीन छक्कों की मदद से 29 रन बनाए। इसके बाद कप्तान श्रेयस अय्यर ने 28 गेंदों में 42 रन की पारी खेलकर मध्यक्रम को संभाला। उन्होंने अक्षर पटेल (14 गेंदों में 24 रन) के साथ 24 गेंदों में 45 रन की साझेदारी कर भारत की मैच में वापसी कराई।

आखिरी ओवरों में नमन ने 15 गेंदों में नाबाद 42 रन की तूफानी पारी खेलकर टीम प्रबंधन के भरोसे को सही साबित किया। उन्होंने अय्यर के साथ छठे विकेट के लिए 23 गेंदों में 43 रन जोड़े। न्यूजीलैंड की ओर से मिचेल ब्रेसवेल और कप्तान मिचेल सैंटनर ने दो-दो विकेट लिए।

नियमित तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को आराम दिए जाने के कारण भारतीय गेंदबाजी आक्रमण में धार की कमी साफ दिखाई दी। एलेन ने 24 गेंदों में 45 रन बनाए, जबकि फिलिप्स ने 40 गेंदों में नाबाद 82 रन की तूफानी पारी खेली। दोनों बल्लेबाजों के आक्रामक तेवरों के सामने भारतीय गेंदबाज बेअसर नजर आए।

लक्ष्य का पीछा करते हुए अभिषेक और सैमसन ने एक बार फिर भारत को तेज शुरुआत दिलाई। सैमसन ने पहले ओवर में मैट हेनरी के खिलाफ चौका लगाकर हाथ खोले, जबकि अभिषेक ने छक्के के साथ ओवर का समापन किया। लॉकी फर्ग्यूसन के खिलाफ सैमसन ने लगातार गेंदों पर चौका, छक्का और चौका लगाया।

इससे भारत ने तीसरे ओवर में 22 रन बटोर लिए। अभिषेक ने अगले ओवर में एडम मिल्ने के खिलाफ चौका लगाया। इसके बाद एक वाइड गेंद भी सीमा रेखा के पार चली गई और भारत ने 3.1 ओवर में ही बिना किसी नुकसान के 50 रन पूरे कर लिए।

अभिषेक ने आक्रामक तेवर जारी रखते हुए ओवर का समापन लगातार दो छक्कों के साथ किया। रनों की गति पर अंकुश लगाने के लिए गेंद ब्रेसवेल को सौंपी गई। इस स्पिनर ने सैमसन से छक्का और चौका खाने के बाद अभिषेक को चकमा देकर भारत को पहला झटका दिया।

पावरप्ले के बाद भारत का स्कोर एक विकेट पर 94 रन था। सैंटनर और ब्रेसवेल की स्पिन जोड़ी कुछ हद तक भारत की रन गति पर अंकुश लगाने में सफल रही। इसका फायदा न्यूजीलैंड को सैमसन और फिर तिलक वर्मा (11 गेंदों में छह रन) तथा ईशान किशन (तीन गेंदों में एक रन) के विकेट हासिल करने के रूप में मिला।

भारत ने सातवें से 11वें ओवर के बीच 34 रन के अंदर तीन विकेट गंवा दिए। बढ़ती जरूरी रन गति के दबाव के बीच अक्षर ने सैंटनर के खिलाफ चौका और ब्रेसवेल के खिलाफ छक्का लगाया। दूसरे छोर से अब तक संयमित अंदाज में खेल रहे अय्यर ने 14वें ओवर में हेनरी के खिलाफ दो शानदार छक्के जड़कर दबाव कम किया।

फर्ग्यूसन ने अगले ओवर में अक्षर को आउट कर किया। क्रीज पर आए नमन धीर ने सैंटनर के खिलाफ लगातार गेंदों पर छक्का और चौका लगाकर उनके गेंदबाजी आंकड़ों को बिगाड़ दिया। भारत को जब दो ओवर में 16 रन की जरूरत थी, तब अय्यर मिल्ने की गेंद पर सैंटनर को कैच दे बैठे।

नमन ने आखिरी ओवर में हेनरी के खिलाफ चौका और छक्का लगाकर भारत की जीत सुनिश्चित कर दी। इससे पहले शुरुआत में गेंद को स्विंग मिल रही थी लेकिन न्यूजीलैंड के सलामी बल्लेबाजों ने इस चुनौती का बखूबी सामना किया और बाद में भारतीय गेंदबाज़ों पर जमकर प्रहार किए। करीब चार साल बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में गेंदबाजी करने उतरे भुवनेश्वर कुमार ने अपने पहले ओवर में अच्छी गेंदबाजी की लेकिन अगले ओवर में टिम सीफर्ट (17 गेंदों में 24 रन) ने उन पर दो चौके और लॉन्ग-ऑन के ऊपर से एक गगनचुंबी छक्का जड़ दिया।

इस ओवर में कुल 17 रन बने। इसके बाद अगले ओवर में एलन ने अर्शदीप सिंह को निशाना बनाया। उनके ओवर में भी 17 रन आए, जिससे पावरप्ले में न्यूजीलैंड को तेज शुरुआत मिली।

दोनों सलामी बल्लेबाजों ने ऑफ-साइड में शानदार शॉट लगाकर खूब रन बटोरे। पावरप्ले के दौरान ही मयंक यादव को गेंदबाजी पर लगाया गया। अतिरिक्त गति से गेंदबाज़ी करने वाले मयंक ने पांचवें ओवर की आखिरी गेंद पर सीफर्ट को विकेट के पीछे कैच कराकर भारत को पहली सफलता दिलाई।

इसके बाद गेंदबाजी के लिए अक्षर के खिलाफ एलन और डेरिच मिचेल ने एक-एक छक्का जड़कर स्कोर को शुरूआती छह ओवरों में एक विकेट पर 65 रन कर दिया। अर्शदीप ने अपने दूसरे स्पेल में मिचेल का विकेट हासिल किया, लेकिन भुवनेश्वर कुमार भारतीय टीम को कोई बड़ी सफलता नहीं दिला सके। उनके तीसरे ओवर में 14 रन बने।

इसके बाद उन्हें पारी का 20वां और अंतिम ओवर सौंपा गया, जिसमें भी 14 रन खर्च हुए। भुवनेश्वर ने अपने चार ओवरों में बिना कोई विकेट लिए 49 रन दिए। फिलिप्स ने पारी का समापन कवर क्षेत्र के ऊपर से शानदार स्विच-हिट लगाकर किया।

बेवन जैकब्स की 16 गेंदों पर 31 रन की तेजतर्रार पारी ने भी न्यूजीलैंड को 200 रन के पार पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। उनकी पारी का मुख्य आकर्षण अर्शदीप सिंह की गेंद पर लगाया गया पहली ही गेंद का सीधा छक्का रहा। भारतीय गेंदबाजों में अक्षर सबसे महंगे साबित हुए।

उन्होंने अपने चार ओवरों में 51 रन लुटाए। न्यूज़ीलैंड ने आखिरी पांच ओवरों में 67 रन बटोरकर भारतीय गेंदबाजी की कमजोरी को पूरी तरह से उजागर कर दिया।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़