World Cup: मेजबान USA का सपना चकनाचूर, Belgium ने 4-1 से रौंदकर Quarter Final में मारी एंट्री

Belgium vs USA
ANI

चार्ल्स डी केटेलेरे के दो गोल और एक असिस्ट की मदद से बेल्जियम ने विश्व कप के नॉकआउट मुकाबले में मेजबान अमेरिका को 4-1 से हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया, जिससे घरेलू टीम का सफर समाप्त हो गया।

 चार्ल्स डी केटेलेरे ने दो गोल किए और एक गोल करने में मदद की, जिससे बेल्जियम ने अमेरिका को 4-1 से हराकर विश्व कप फुटबॉल के क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई और मेजबान टीम की अपनी घरेलू धरती पर अंतिम आठ में पहुंचने की उम्मीद को खत्म कर दिया। इस मैच में अमेरिका की रक्षापंक्ति की कमजोरी भी उजागर हो गई जिसका बेल्जियम ने पूरा फायदा उठाया। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के हस्तक्षेप के कारण पिछले मैच में लाल कार्ड मिलने के बावजूद इस मैच में खेलने वाले अमेरिका के स्टार फॉरवर्ड फोलारिन बालोगुन की मौजूदगी से उसकी टीम को मजबूती मिली थी लेकिन वह कोई कमाल नहीं दिखा पाए।

विश्व फुटबॉल की सर्वोच्च संस्था फीफा के इस फैसले ने नए विवाद को जन्म दे दिया है। केटेलेरे ने पहले हाफ में अपने दोनों गोल (नौवें और 33वें मिनट) रक्षापंक्ति की गलतियों का फायदा उठाकर किए। इस बीच मलिक टिलमैन ने 31वें मिनट में फ्री किक पर गोल करके अमेरिका को बराबरी दिलाई थी लेकिन बेल्जियम ने जवाबी हमला करते हुए 61 सेकंड बाद ही फिर से बढ़त हासिल कर ली।

गोलकीपर मैट फ्रीज की एक चूक ने रेड डेविल्स (बेल्जियम की टीम का उपनाम) को दूसरे हाफ की शुरुआत में तीसरा गोल करने का मौका दे दिया। बेल्जियम की तरफ से यह गोल हैंस वानाकेन ने 57वें मिनट में किया। दूसरे हाफ में स्थानापन्न खिलाड़ी के रूप में उतरे रोमेलु लुकाकू ने स्टॉपेज टाइम के तीसरे मिनट में बेल्जियम का अंतिम गोल दागा। बेल्जियम अंतिम आठ में शुक्रवार को कैलिफोर्निया के इंगलवुड में स्पेन का सामना करेगा।

बेल्जियम के दूसरे गोल के बाद बेंच के सामने रखे रैक पर लात मारने वाले अमेरिकी कोच मॉरीशियो पोचेटीनो ने कहा, ‘‘हम शुरू से ही मैच में सामंजस्य नहीं बिठा पाए। यह सीखने की प्रक्रिया है। हमें इस मैच का विश्लेषण करना होगा और देखना होगा कि हम अन्य मैच की तरह इसमें अच्छा प्रदर्शन क्यों नहीं कर पाए।’’ अपना पहला विश्व कप खिताब जीतने की कोशिश में लगे बेल्जियम ने 12 साल में दूसरी बार अमेरिका को राउंड ऑफ 16 में हराकर अपनी अजेय बढ़त को 18 मैचों तक बढ़ा दिया।

अमेरिकी स्टार क्रिस्टियन पुलिसिच को 52वें मिनट में बेल्जियम के कप्तान यूरी टिलेमैन्स के जूते से टकराने के बाद दाहिने पैर में चोट लगने पर बेंच पर बैठकर ही मैच देखना पड़ा। डी केटेलेरे ने नौवें मिनट में बेल्जियम को बढ़त दिलाई, जो इस साल के विश्व कप में पहली बार हुआ जब अमेरिका ने पहला गोल खाया। टिलमैन के 31वें मिनट में किए गए गोल ने ल्यूमेन फील्ड में मौजूद 66,925 दर्शकों में जोश भर दिया, लेकिन डी केटेलेरे ने उस उत्साह को तुरंत ही ठंडा कर दिया और 57वें मिनट में वानाकेन के गोल में मदद की, जब फ्रीज़ अपने गोल के सामने गेंद पर नियंत्रण खो बैठे।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़