Madhya Pradesh: सागर के बंडा में रात का जाम बना मौत का कारण? 6 की गई जान, 5 अस्पताल में

Madhya Pradesh News
प्रतिरूप फोटो
ANI
एकता । Sep 6 2026 11:33AM

मध्य प्रदेश के सागर जिले के बंडा में संदिग्ध जहरीली शराब पीने से छह लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य की हालत गंभीर है। बीमार लोगों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रशासनिक अधिकारी मामले की जांच कर रहे हैं और मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होगी।

मध्य प्रदेश के सागर जिले के बंडा में शनिवार रात एक दर्दनाक घटना सामने आई। यहां संदिग्ध जहरीली शराब पीने के बाद करीब दर्जनभर लोगों की तबीयत बिगड़ गई। इनमें से छह लोगों की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि पांच लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर मरीजों को सागर के बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। हालांकि, अभी यह साफ तौर पर नहीं कहा जा सकता कि सभी मौतें जहरीली शराब पीने की वजह से हुई हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही मौत की असली वजह सामने आएगी।

रात में बिगड़ी लोगों की तबीयत

जानकारी के मुताबिक, शनिवार रात अचानक कई लोगों की तबीयत खराब हो गई। इसके बाद उन्हें बंडा के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान छह लोगों ने दम तोड़ दिया। मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम बंडा अस्पताल में कराया जा रहा है। वहीं, पांच मरीजों की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए बीएमसी सागर भेजा गया है। डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है।

इसे भी पढ़ें: Madhya Pradesh में 30 करोड़ के विवाह सहायता घोटाले में पूर्व CEO Shobhit Tripathi गिरफ्तार

मौके पर पहुंचा प्रशासन

घटना की जानकारी मिलते ही सागर की कलेक्टर प्रतिभा पाल और पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया समेत प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी बंडा पहुंचे। अधिकारियों ने अस्पताल जाकर पूरे मामले की जानकारी ली और घटना की जांच शुरू कराई। बंडा में किसी तरह की अप्रिय स्थिति न हो, इसके लिए अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया है।

इन लोगों की हुई मौत

पुलिस के मुताबिक, मृतकों में गोलू उर्फ चमन लोधी (45), दिग्विजय लोधी (28), करतार सिंह लोधी (30), उजियार सिंह लोधी (56), रोशन लोधी (30) और राजेंद्र लोधी (32) शामिल हैं। ये सभी सागर जिले के अलग-अलग गांवों के रहने वाले थे। पुलिस के अनुसार, गोलू उर्फ चमन को पहले से कैंसर की शिकायत होने की जानकारी भी सामने आई है।

पांच मरीजों की हालत गंभीर

गंभीर हालत में बीएमसी सागर भेजे गए मरीजों में हरनाम राय (42), उत्तम नत्थू नायक (42), मंगल रजक (40), परम आदिवासी और धनसिंह आदिवासी (30) शामिल हैं।

इसे भी पढ़ें: MP के PWD Engineer के तीन ठिकानों पर EOW की रेड, 11 करोड़ की संपत्ति मिली

जहरीली शराब एंगल से भी जांच

प्रशासन और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रहे हैं। फिलहाल जहरीली शराब पीने की आशंका जताई जा रही है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही यह पता चलेगा कि छह लोगों की मौत की असली वजह क्या थी।

All the updates here:

अन्य न्यूज़