Pune Ketan Agarwal Murder Case में बड़ा खुलासा, मंगेतर ने प्रेमी के साथ इस तरह दिया साजिश को अंजाम

Ketan Agarwal
ANI

पुलिस की ओर से दी गयी जानकारी के अनुसार 18 जून को केतन अग्रवाल अपनी मंगेतर सिया गोयल के साथ लोहागढ़ किले पर घूमने गया था। उसी दौरान केतन किले से नीचे गिर गया और उसकी मौत हो गई। शुरुआत में इसे एक दुर्घटना माना गया।

महाराष्ट्र में पुणे के लोहागढ़ किले में हुई युवक केतन अग्रवाल की मौत की गुत्थी अब एक सनसनीखेज हत्या कांड में बदल गई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि यह कोई हादसा नहीं बल्कि पहले से रची गई साजिश थी। इस मामले में केतन की मंगेतर सिया गोयल और उसके प्रेमी चेतन चौधरी को गिरफ्तार किया गया है। दोनों को 29 जून तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार 18 जून को केतन अग्रवाल अपनी मंगेतर सिया गोयल के साथ लोहागढ़ किले पर घूमने गया था। उसी दौरान केतन किले से नीचे गिर गया और उसकी मौत हो गई। शुरुआत में इसे एक दुर्घटना माना गया। सिया ने केतन के परिवार को बताया था कि वह ट्रेकिंग के दौरान फिसलकर नीचे गिर गया। लेकिन जांच के दौरान मिले सीसीटीवी फुटेज ने पूरे मामले की दिशा बदल दी।

इसे भी पढ़ें: 'मर्डर करके कैसे बचें', पुणे में मंगेतर की हत्या से पहले सिया गोयल की खौफनाक गूगल सर्च हिस्ट्री आई सामने, ऐसे रची थी साजिश

पुलिस को किले के टिकट काउंटर के पास लगे कैमरों में एक संदिग्ध युवक दिखाई दिया, जिसने अपना चेहरा हुडी और हेडसेट से ढक रखा था। फुटेज में वह लगातार केतन और सिया का पीछा करता नजर आया। एक अन्य वीडियो में सिया अचानक पीछे मुड़कर देखती है और उसी समय वह युवक नीचे बैठ जाता है, जिससे पुलिस का शक गहरा गया। जांच अधिकारियों ने बताया कि उस दिन तापमान लगभग तैंतीस डिग्री सेल्सियस था, ऐसे में गर्मी के बावजूद हुडी पहनना संदेह पैदा करने वाला था।

बाद में पुलिस ने उस युवक की पहचान चेतन चौधरी के रूप में की। पूछताछ में सामने आया कि चेतन और सिया के बीच प्रेम संबंध थे और दोनों मिलकर केतन को रास्ते से हटाना चाहते थे। पुलिस सूत्रों के अनुसार जब चेतन से पूछा गया कि दोनों ने भागकर शादी करने के बजाय हत्या का रास्ता क्यों चुना, तो उसने बताया कि सिया अपनी सगाई तोड़कर भागने के पक्ष में नहीं थी। उसे डर था कि ऐसा करने से उसके परिवार की बदनामी होगी और समाज में अपमान झेलना पड़ेगा। पुलिस का दावा है कि परिवार की इज्जत और सामाजिक बदनामी के डर ने ही इस खौफनाक साजिश को जन्म दिया। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले के हर पहलू की गहराई से जांच जारी है।

All the updates here:

अन्य न्यूज़