Mathura में JE को कार से घसीटने वाला मुख्य आरोपी Deepak Sharma गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में ग्रामीण अभियंत्रण सेवा के कनिष्ठ अभियंता पर कार चढ़ाने और उन्हें घसीटने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर उसे मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया। मसानी इलाके में हुए इस हादसे में गंभीर रूप से घायल अभियंता का इलाज निजी अस्पताल में जारी है।
मथुरा, छह सितंबर उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में पुलिस ने कनिष्ठ अभियंता (जेई) को कार से कुचलने के मामले के मुख्य आरोपी को रविवार को गिरफ्तार कर लिया। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी। अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) राजीव कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस ने आरोपी दीपक शर्मा को गिरफ्तार कर मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया।
उन्होंने बताया कि आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। सिंह ने बताया कि छाता थाना क्षेत्र में ग्रामीण अभियंत्रण सेवा में कनिष्ठ अभियंता के पद पर तैनात विक्रांत भारती 31 अगस्त को वृंदावन से काम खत्म कर लौट रहे थे और मसानी इलाके में यातायात जाम के कारण उनकी कार रुकी हुई थी, तभी पीछे से दीपक शर्मा की कार ने उनकी कार को टक्कर मार दी। उन्होंने बताया कि जब विक्रांत टक्कर का कारण पूछने के लिए कार से बाहर निकले, तभी आरोपी चालक ने उन्हें टक्कर मार दी।
अधिकारी ने बताया कि इसके बाद आरोपी ने विक्रांत के ऊपर कार चढ़ा दी। उन्होंने बताया कि टक्कर लगने के बाद विक्रांत कार के नीचे फंस गए और आरोपी वाहन चालक उन्हें कुछ दूरी तक घिसटते ले गया। सिंह ने बताया कि हादसे में विक्रांत गंभीर रूप से घायल हो गए, उनकी रीढ़ की हड्डी और कूल्हे की हड्डी टूट गयी।
पुलिस ने बताया कि विक्रांत का एक निजी अस्पताल में इलाज जारी है।
अन्य न्यूज़













