वोटों की गिनती से पहले TMC का एक्शन, Mamata Banerjee और Abhishek ने एजेंट्स संग की वर्चुअल बैठक

Mamata Banerjee
ANI

लोकसभा चुनाव की मतगणना से पहले, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी ने तृणमूल कांग्रेस के काउंटिंग एजेंटों के साथ ऑनलाइन बैठक की, जिसमें उन्हें प्रक्रिया पूरी होने तक केंद्र न छोड़ने और किसी भी अनियमितता की तुरंत सूचना देने के कड़े निर्देश दिए गए। यह कदम 2021 के नंदीग्राम अनुभव को देखते हुए किसी भी संभावित चूक को रोकने की रणनीति का हिस्सा है।

 पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की मतगणना से दो दिन पहले, राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और उनके भतीजे एवं तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी शनिवार शाम को पार्टी के सभी गणना एजेंट के साथ ऑनलाइन माध्यम से बैठक करेंगे। पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने यह जानकारी दी। शाम चार बजे के लिए निर्धारित इस बैठक में उन 291 विधानसभा क्षेत्रों के मतगणना एजेंट शामिल होंगे, जहां सत्तारूढ़ पार्टी ने अपने उम्मीदवार उतारे थे।

अनित थापा नीत भारतीय गोरखा प्रजातांत्रिक मोर्चा (बीजीपीएम) ने दार्जिलिंग की शेष तीन सीट पर चुनाव लड़ा था। ऑनलाइन माध्यम से की जाने वाली इस बैठक में नेता गणना एजेंट को उनके कर्तव्यों के बारे में बताएंगे ताकि चार मई की मतगणना प्रक्रिया के दौरान किसी भी प्रकार की चूक न हो।

तृणमूल के एक वरिष्ठ नेता ने नाम न उजागर करने की शर्त पर कहा, ‘‘एजेंट के लिए सबसे महत्वपूर्ण निर्देश यह होगा कि जब तक मतगणना पूरी न हो जाए और विजेताओं को जीत के प्रमाण पत्र न सौंप दिए जाएं, तब तक वे मतगणना केंद्र न छोड़ें।’’ उन्होंने कहा, ‘‘2021 में नंदीग्राम मतगणना केंद्र पर अचानक हुई बिजली कटौती जैसी असामान्य गतिविधियों की सूचना तुरंत पार्टी के शीर्ष नेतृत्व को दी जानी चाहिए।’’

नेता ने कहा कि ऐसी स्थिति उत्पन्न होने पर मतगणना एजेंट को कोई भी कदम उठाने से पहले शीर्ष नेताओं के निर्देशों का इंतजार करना होगा। तृणमूल के वरिष्ठ नेता ने बताया कि शनिवार की बैठक में मतगणना के चरणों की संख्या और ईवीएम को ‘स्ट्रांगरूम’ से बाहर निकालकर सील खोलने के बाद अपनाए जाने वाले प्रोटोकॉल समेत मतगणना प्रक्रिया के प्रमुख पहलुओं पर चर्चा की जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि इस बार निर्वाचन आयोग ने मतगणना के दौरान सुरक्षा उपायों के तहत क्यूआर कोड की व्यवस्था लागू की है, इसलिए मतगणना एजेंटों को मोबाइल के इस्तेमाल में दक्ष होना होगा।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़