केंद्रीय मंत्री Jual Oram ने लगाया छवि खराब करने और मंत्रालय से हटाने की साजिश का आरोप

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल ओराम ने शुक्रवार को भुवनेश्वर में दावा किया कि पार्टी में बाहर से आए कुछ नेता उन्हें पद से हटाने के लिए दुष्प्रचार कर रहे हैं। उन्होंने सुंदरगढ़ से 2029 का लोकसभा चुनाव लड़ने का संकल्प दोहराते हुए साजिशकर्ताओं के खिलाफ कार्रवाई की बात कही।

केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल ओराम ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने उनकी छवि खराब करने और उन्हें मंत्रालय से हटवाने के लिए धन खर्च कर दुष्प्रचार अभियान शुरू किया है। उन्होंने ओडिशा के राउरकेला में उनके एक सहयोगी की संगठित अपराध में कथित संलिप्तता को लेकर गिरफ्तारी के बाद यह आरोप लगाया। ओराम ने इससे पहले स्पष्ट किया था कि उनके सहयोगी राकेश पासवान के खिलाफ कानूनी कार्रवाई किए जाने पर उन्हें कोई आपत्ति नहीं है।

पासवान को इस्पात नगरी राउरकेला में राज्य सरकार के एक अतिथि गृह में अपराधियों को पनाह देने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पासवान ने हालांकि अपने ऊपर लगे आरोपों से इनकार किया है। केंद्रीय मंत्री ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘हाल में कुछ लोग, जो दूसरे राजनीतिक दलों से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में आए हैं, पैसे खर्च कर मेरी बदनामी करने और मेरी स्थिति कमजोर करने का प्रचार अभियान चला रहे हैं।

उन्हें लगता है कि अगर मुझे केंद्रीय मंत्रिमंडल से हटा दिया गया तो उन्हें मंत्री बनने का मौका मिल जाएगा। मैं इस पार्टी (भाजपा) को अच्छी तरह जानता हूं और पार्टी भी मेरे योगदान को पहचानती है।’’ ओडिशा के आदिवासी बहुल सुंदरगढ़ लोकसभा क्षेत्र से छह बार सांसद रह चुके ओराम ने कहा, ‘‘मैंने पहले घोषणा की थी कि अब चुनाव नहीं लड़ूंगा, लेकिन मौजूदा परिस्थितियों में मैं निश्चित रूप से 2029 का लोकसभा चुनाव लड़ूंगा।’’ केंद्रीय मंत्री ने कहा कि वह अपने खिलाफ साजिश करने वालों की पहचान करेंगे और वह इस मामले को ओडिशा भाजपा के संगठन सचिव के समक्ष पहले ही उठा चुके हैं। उन्होंने कहा, ‘‘मैं निश्चित रूप से उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करूंगा।

मेरे पास बदनामी करने वाले के हाथ काटने और उन्हें जला देने की क्षमता है।

All the updates here:

अन्य न्यूज़