Raipur IGKV ने रद्द की BSc Agriculture परीक्षा, पेपर लीक के बाद अब सितंबर में होगी

इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय ने सात अगस्त को आयोजित बीएससी कृषि प्रथम वर्ष के ‘प्लांट पैथोलॉजी’ विषय की परीक्षा निरस्त कर दी है। दुर्ग जिले में सामने आए पर्चा लीक मामले की पुलिस जांच में इस प्रश्नपत्र के भी लीक होने का खुलासा हुआ था। विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार यह परीक्षा और 20 अगस्त को निरस्त हुई एंटोमोलॉजी की परीक्षा अब सितंबर माह के पहले सप्ताह में दोबारा कराई जाएंगी।
रायपुर स्थित इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय (आईजीकेवी) ने प्रश्नपत्र लीक के चलते सात अगस्त को आयोजित बीएससी कृषि प्रथम वर्ष के ‘प्लांट पैथोलॉजी’ विषय की परीक्षा रद्द करने का फैसला किया है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी। यह फैसला आईजीकेवी के कुलपति डॉ. गिरीश चंदेल की अध्यक्षता में हुई आपात बैठक में लिया गया।
बैठक में 20 अगस्त को आईजीकेवी के तहत बीएससी कृषि द्वितीय वर्ष के विषय ‘एंटोमोलॉजी’ के प्रश्नपत्र लीक होने के मामले पर चर्चा की गई। इस मामले में दुर्ग जिले के एक निजी कॉलेज के एक प्रोफेसर और पांच छात्रों को गिरफ्तार किया गया था। अधिकारी ने बताया कि 20 अगस्त के प्रश्नपत्र लीक मामले में पुलिस की जांच के दौरान बीएससी कृषि प्रथम वर्ष के ‘प्लांट पैथोलॉजी’ विषय का प्रश्नपत्र भी लीक होने की बात सामने आई।
अधिकारियों ने बताया कि दोनों रद्द परीक्षाएं सितंबर माह के प्रथम सप्ताह में फिर से आयोजित की जाएंगी। अधिकारियों ने बताया कि इसके साथ ही भारतीय कृषि महाविद्यालय, दुर्ग पर प्रश्नपत्र लीक प्रकरण में परीक्षा की गोपनीयता सुनिश्चित न कर पाने के लिए नियमानुसार वैधानिक कार्यवाही करने का फैसला लिया गया तथा उसे इस संबंध में नोटिस जारी किया गया। अधिकारियों ने बताया कि 20 अगस्त के प्रश्नपत्र लीक प्रकरण में रायपुर पुलिस द्वारा महाविद्यालय के संलिप्त पाए गए जिन छात्रों को हिरासत में लिए गया है उनके खिलाफ भी कठोर अनुशासनात्मक कार्यवाही करने का निर्णय लिया गया है।
इसके साथ ही, 20 अगस्त को बीएससी कृषि द्वितीय वर्ष के ‘एंटोमोलॉजी’ प्रश्नपत्र तथा सात अगस्त को आयोजित प्रथम वर्ष के ‘प्लांट पैथोलॉजी’ प्रश्नपत्र की गोपनीयता सुनिश्चित करने के लिए भारतीय कृषि महाविद्यालय, दुर्ग में विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा नियुक्त पर्यवेक्षकों को भी कारण बताओ नोटिस भेजने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि छात्रों के सुरक्षित भविष्य के लिए परीक्षाओं की गोपनीयता, निष्पक्षता तथा पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए विश्वविद्यालय कड़े कदम उठा रहा है। इसी संबंध में 20 अगस्त के प्रश्नपत्र लीक प्रकरण के बाद विश्वविद्यालय परीक्षा विभाग ने 22 अगस्त को आयोजित परीक्षा के प्रश्न पत्र संबंधित महाविद्यालयों को ‘हार्ड कॉपी’ के स्थान पर पासवर्ड प्रोटेक्टेड ईमेल के माध्यम से भेजे।
संबंधित महाविद्यालयों को सुबह 10 बजे से होने वाले पश्न पत्र का ईमेल सुबह साढ़े नौ बजे उपलब्ध कराया गया जिससे किसी भी प्रकार की गड़बड़ी की कोई आशंका न रहे। सोमवार को आयोजित होने वाली परीक्षाएं भी इसी प्रक्रिया से संपन्न कराई जाएंगी। विश्वविद्यालय के परीक्षा विभाग तथा महाविद्यालयों के परीक्षा हॉल में सीसीटीवी कैमरों की संख्या बढ़ाई जाएगी।
विश्वविद्यालय प्रबंधन द्वारा भविष्य में आयोजित होने वाली परीक्षाओं की गोपनीयता और पारदर्शिता में बढ़ोतरी के लिए आधुनिक तकनीकों का इस्तेमाल करने पर भी विचार किया जा रहा है।
अन्य न्यूज़













