Bengal Politics: भड़काऊ बयान पर घिरे Humayun Kabir, सुवेंदु अधिकारी बोले- दो केस दर्ज, होगी कार्रवाई

Suvendu Adhikari
ANI

पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने एजेयूपी विधायक हुमायूं कबीर पर रेजीनगर उपचुनाव के लिए भड़काऊ बयान देकर मतदाताओं का ध्रुवीकरण करने का आरोप लगाया है। कबीर के खिलाफ दो आपराधिक मामले दर्ज किए गए हैं, और भाजपा सरकार ने कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

 पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने सोमवार को विधानसभा में कहा कि भाजपा सरकार राज्य में कानून का राज स्थापित करेगी। उन्होंने आम जनता उन्नयन पार्टी (एजेयूपी) के विधायक हुमायूं कबीर पर रेजीनगर विधानसभा सीट के उपचुनाव में मतदाताओं का ध्रुवीकरण करने के उद्देश्य से भड़काऊ बयान देने का आरोप लगाया। शुभेंदु ने कहा कि मुर्शिदाबाद जिले में दो हालिया जन सभाओं में मुख्यमंत्री और सरकारी तंत्र के खिलाफ हुमायूं कबीर द्वारा की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों के संबंध में उनके विरुद्ध दो आपराधिक मामले दर्ज किये गए हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस कानून के अनुसार कार्रवाई करेगी। हुमायूं कबीर ने 2026 के विधानसभा चुनाव में मुर्शिदाबाद जिले की नौदा और रेजीनगर, दोनों विधानसभा सीटों से जीत दर्ज की थी। बाद में, उन्होंने नौदा से विधायक पद की शपथ ली, जिसके चलते रेजीनगर सीट पर उपचुनाव कराने की जरूरत पड़ी। शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि यह स्पष्ट है कि विधानसभा चुनाव में दो सीटों से जीतने और बाद में उनमें से एक सीट छोड़ने वाले कबीर ‘‘अपने बेटे के रेजीनगर विधानसभा उपचुनाव लड़ने की संभावना को ध्यान में रखते हुए मतदाताओं का ध्रुवीकरण करने के लिए भड़काऊ बयान दे रहे हैं।’’

मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन लोगों ने हुमायूं कबीर को इन जन सभाओं में भाषण देने के लिए आमंत्रित किया था, उनके खिलाफ पहले कार्रवाई की जाएगी और उसके बाद विधायक के विरुद्ध कानून के अनुसार कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा, ‘‘सरकार कानून का राज स्थापित करेगी।’’ उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ‘‘पूर्ववर्ती ममता बनर्जी सरकार की तरह कमजोर नहीं है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़