Himachal के Sirmaur में दो बच्चों की कुंड में डूबने से मौत, तीन को बचाया गया

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

सिरमौर जिले के पांवटा उपमंडल में रविवार शाम जंबू खाला स्थित कुंड में नहाने उतरे दो नाबालिग बच्चों की गहरे पानी में डूबकर जान चली गई। स्थानीय लोगों और पुलिस ने तुरंत कार्रवाई कर तीन अन्य बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। गोताखोरों द्वारा निकाले गए दोनों पीड़ित बच्चों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

सिरमौर जिले में दो बच्चों की एक कुंड में नहाने के दौरान डूबने से मौत हो गई। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि निहालगढ़ क्षेत्र के पांच बच्चे रविवार शाम पांवटा उपमंडल के जंबू खाला में नहाने गए थे।

उसने बताया कि नहाने के दौरान एक बच्चा अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा तथा उसे बचाने की कोशिश में दूसरा बच्चा भी गहरे पानी में डूब गया। पुलिस ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुरुवाला थाने की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से रोहित (नौ), सिद्धार्थ (नौ) और अंकुर (आठ) को सुरक्षित बाहर निकाला तथा उन्हें उनके परिजनों को सौंप दिया।

उसने बताया कि उत्तर प्रदेश के गाजीपुर निवासी अनवर के बेटे जाबिर (नौ) और बिहार के समस्तीपुर निवासी सिकंदर के बेटे सत्यम (आठ) की डूबने से मौत हो गई। पांवटा के पुलिस उपाधीक्षक मानवेंद्र सिंह ठाकुर ने मौके पर पहुंचकर बचाव अभियान की निगरानी की। उन्होंने बताया कि गोताखोरों की मदद से अंधेरे में टॉर्च की रोशनी के सहारे सत्यम और जाबिर की तलाश शुरू की गई।

उन्होंने बताया कि काफी मशक्कत के बाद दोनों बच्चे गहरे कुंड से बरामद किए गए जिसके बाद उन्हें पांवटा अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए पांवटा साहिब के सरकारी अस्पताल में रखवाया गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे।

पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है।

All the updates here:

अन्य न्यूज़