Kollam में लापता व्यक्ति के घर से मिली जाली नोट छापने की इकाई, आरोपी हिरासत में

केरल के कोल्लम में पुलिस ने लापता व्यक्ति के घर पर छापा मारकर नकली नोट छापने की अवैध इकाई का पर्दाफाश किया है। तलाशी के दौरान डिजिटल प्रिंटर, नोट गिनने की मशीन, कटे हुए कागज और 43 सॉवरेन सोने के गहने बरामद किए गए। अधिकारियों को आशंका है कि इस सामग्री से करीब 2.5 करोड़ रुपये के जाली नोट तैयार किए जाने थे।
केरलम के कोल्लम में एक लापता व्यक्ति की तलाश के दौरान पुलिस को उसके घर में कथित रूप से जाली नोट छापने की इकाई मिली। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने कोल्लम शहर के जिला मादक पदार्थ रोधी विशेष कार्रवाई बल (डीएएनएसएएफ) के साथ मिलकर वाडी के कल्लेलिवयाल निवासी सिबियोन के घर की तलाशी ली और उसे हिरासत में ले लिया।
पुलिस के अनुसार, मामले की जांच 16 अक्टूबर को शुरू हुई थी, जब सिबियोन की पत्नी टिंसी ने पल्लिथोट्टम थाने में अपने पति के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। अधिकारियों ने बताया कि जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि सिबियोन का कथित तौर पर यहां आश्रमम इलाके से अपहरण किया गया था और उसके सोने के गहने छीन लिए गए थे। जांचकर्ताओं को पता चला कि आदर्श नामक एक व्यक्ति ने सिबियोन को एक स्थान पर कथित तौर पर बुलाया था।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर अपहरण का मामला दर्ज किया। अधिकारियों के अनुसार, सिबियोन बाद में खुद लौट आया और उसने पुलिस को घटना की जानकारी दी। उससे आगे की पूछताछ करने और उसके वित्तीय लेनदेन की जांच के दौरान हवाला कारोबार तथा अन्य गैरकानूनी गतिविधियों में उसकी कथित संलिप्तता का पता चला।
इसके बाद पुलिस ने शुक्रवार रात उसके घर पर छापा मारा। तलाशी के दौरान पुलिस ने एक डिजिटल प्रिंटर, 500 रुपये के नोट छापने के लिए आवश्यक आकार में काटे गए कागजों के बंडल, नोट गिनने की मशीन और कथित तौर पर जाली नोट तैयार करने में इस्तेमाल होने वाली अन्य सामग्री जब्त की। पुलिस को संदेह है कि जब्त की गई सामग्री का इस्तेमाल करीब 2.5 करोड़ रुपये के जाली नोट तैयार करने के लिए किया जाना था।
पुलिस ने घर से 43 सॉवरेन सोने के गहने भी बरामद किए। एक अधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में संकेत मिले हैं कि अट्टिंगल निवासी रवि ने सिबियोन को जाली नोट तैयार करने में कथित तौर पर इस्तेमाल होने वाली सामग्री 30 लाख रुपये में उपलब्ध कराई थी। पुलिस को संदेह है कि इस मामले में और भी लोग शामिल हैं।
पुलिस रवि का पता लगाने की कोशिश कर रही है। पुलिस ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच जारी है।
अन्य न्यूज़













