Kolkata Airport के वॉशरूम में मिला बम का धमकी भरा नोट, CISF ने चलाया तलाशी अभियान

Kolkata Airport के वॉशरूम में मिला बम का धमकी भरा नोट, CISF ने चलाया तलाशी अभियान
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर शुक्रवार को महिला शौचालय में मिले एक नोट के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गईं। सफाईकर्मी को मिले इस टिश्यू पेपर पर बोर्डिंग गेट संख्या 30 पर बम होने की चेतावनी लिखी थी। इलाके को खाली कराकर तलाशी ली गई, हालांकि कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली और उड़ानें सामान्य रहीं।

कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के एक शौचालय में शुक्रवार सुबह टिश्यू पेपर पर हाथ से लिखा एक नोट मिला, जिसमें विमान में सवार होने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले एक द्वार (‘बोर्डिंग गेट’) पर बम होने की चेतावनी दी गई थी। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने हवाई अड्डे पर व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया गया।

एक अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘तलाशी अभियान जारी है और अब तक कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है। उड़ानों का परिचालन प्रभावित नहीं हुआ है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हमारे एक सफाई कर्मचारी को महिलाओं के शौचालय में टिश्यू पेपर पर लिखा एक नोट मिला, जिसमें ‘बोर्डिंग गेट’ संख्या 30 पर बम होने की चेतावनी दी गई थी। कर्मचारी ने प्राधिकारियों को इसकी सूचना दी।’’ अधिकारी ने बताया कि इसके बाद ‘बोर्डिंग गेट’ के आसपास के इलाके को खाली करा लिया गया और बम निरोधक दस्ते ने केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के जवानों के साथ मिलकर पूरे हवाई अड्डे पर व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया।

बिधाननगर शहर पुलिस के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘पुलिस नोट बरामद करने वाले सफाई कर्मचारी से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने के लिए सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है कि नोट किसने छोड़ा था।’’ हवाई अड्डे के एक अधिकारी ने बताया कि पूरे हवाई अड्डे पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है, लेकिन उड़ानों का परिचालन प्रभावित नहीं हुआ है। यह घटना हवाई अड्डे पर आठ अक्टूबर को ईमेल के जरिए बम की धमकी मिलने के करीब दो सप्ताह बाद हुई है। उस ईमेल में हवाई अड्डा परिसर में विस्फोटक रखे होने की चेतावनी दी गई थी।

इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने यात्रियों को सतर्क किया और हवाई अड्डे के कुछ हिस्सों को खाली कराकर तलाशी अभियान चलाया था, लेकिन कोई विस्फोटक सामग्री नहीं मिली थी।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़