Aligarh में बाइक सवार को कुचलने वाली Audi कार जब्त, पूर्व BJP जिलाध्यक्ष से जुड़े तार

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में हॉर्न बजाने के विवाद पर बाइक सवार को टक्कर मारने वाली ऑडी कार पुलिस ने जब्त कर ली है। जांच में सामने आया कि वाहन पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष देवराज सिंह का है और घटना के समय उनका रिश्तेदार इसे चला रहा था। पुलिस ने बन्नादेवी थाने में हत्या का केस दर्ज कर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस ने उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में हॉर्न बजाने को लेकर हुए विवाद की उस घटना में कथित तौर पर शामिल ऑडी कार जब्त कर ली है, जिसमें एक मोटरसाइकिल सवार की कुचलकर मौत हो गई थी। पुलिस ने कार के मालिक की पहचान भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष देवराज सिंह के रूप में की है। पुलिस अधीक्षक (नगर) आदित्य बंसल ने बृहस्पतिवार को यहां संवाददाताओं को बताया कि घटना 20 अक्टूबर की मध्यरात्रि के आसपास सारसौल इलाके में हुई थी।

घटना के समय कार कथित तौर पर सिंह का एक रिश्तेदार चला रहा था। बंसल के अनुसार, मोटरसाइकिल पर मनोज के पीछे बैठे कन्हैया ने शिकायत दर्ज कराई कि हॉर्न बजाने को लेकर उनकी ऑडी चालक से बहस हो गई थी। आरोप है कि विवाद के बाद कार चालक ने मोटरसाइकिल को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे मनोज सड़क पर गिर गए और कार के नीचे आ गए।

इस घटना में मनोज की मौत हो गई, जबकि कन्हैया गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से वाहन का पता लगाया और उसके मालिक की पहचान की। बंसल ने बताया कि कार को बुधवार को जब्त कर लिया गया।

बंसल ने बताया कि आरोपी चालक फरार है और उसे गिरफ्तार करने के लिए पुलिस की टीम गठित की गई हैं। इस घटना के संबंध में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103 के तहत बन्नादेवी पुलिस थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच जारी है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़