IHCL में Oriental Hotels का विलय मंजूर, 117 के बदले मिलेंगे 25 शेयर

टाटा समूह की इंडियन होटल्स कंपनी लिमिटेड ने अपनी सहयोगी इकाई ओरिएंटल होटल्स के खुद में विलय की योजना को मंजूरी दे दी है। इस शेयर लेनदेन सौदे के तहत ओरिएंटल होटल्स के 117 शेयरों के बदले आईएचसीएल के 25 शेयर दिए जाएंगे। इस पूरी प्रक्रिया को वित्त वर्ष 2027-28 की दूसरी छमाही तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
टाटा समूह की कंपनी इंडियन होटल्स कंपनी लिमिटेड (आईएचसीएल) ने शुक्रवार को कहा कि ओरिएंटल होटल्स लिमिटेड का आईएचसीएल में विलय शेयर के लेनदेन के जरिये किया जाएगा। इस संबंध में ओरिएंटल होटल्स और आईएचसीएल के निदेशक मंडलों ने विलय की योजना को मंजूरी दे दी है। विलय योजना के तहत 117 ओरिएंटल होटल्स के शेयर के बदले आईएचसीएल के 25 शेयर दिए जाएंगे।
लेनदेन को वित्त वर्ष 2027-28 की दूसरी छमाही में पूरा करने का लक्ष्य है। आईएचसीएल के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) पुनीत चटवाल ने कहा, ‘‘मूल्य सृजन, समूह की संरचना को सरल बनाने और ओरिएंटल होटल्स के खंड की पूरी क्षमता का लाभ उठाने के लिए हमारी ‘एक्सेलरेट 2030’ रणनीति के अनुरूप आईएचसीएल और ओएचएल के निदेशक मंडलों ने आज इस विलय को मंजूरी दी है।’’ ओरिएंटल होटल्स, आईएचसीएल की सहयोगी कंपनी है। कंपनी के पास 825 कमरों वाले सात होटल हैं।
विलय योजना के लिए वैधानिक मंजूरियां और नियामकीय स्वीकृतियां लेनी होंगी। ओरिएंटल होटल्स लिमिटेड के प्रबंध निदेशक एवं सीईओ प्रमोद रंजन ने कहा कि ओएचएल का आईएचसीएल में विलय उसके शेयरधारकों के लिए महत्वपूर्ण मूल्य सृजित करेगा और उन्हें आईएचसीएल की विकास यात्रा में सीधे भाग लेने का अवसर मिलेगा।
अन्य न्यूज़













